खाटूधाम में उमड़ा भक्ति का सैलाब, मासिक मेले में देशभर से पहुंच रहे हैं श्रद्धालु

निसं
खाटूश्यामजी (नवयत्न)। सीकर जिले के खाटूश्यामजी कस्बे की प्रसिद्ध धार्मिक नगरी खाटूधाम में बाबा श्याम का दो दिवसीय मासिक मेला रविवार को श्रद्धा और भक्ति के माहौल के साथ शुरू हुआ। एकादशी और द्वादशी को आयोजित होने वाले मासिक मेले में देश के कौने-कौने से बड़ी संख्या में श्याम श्रद्धालु खाटूधाम पहुंच रहे हैं। पुत्रदा एकादशी के अवसर पर बाबा श्याम का मनमोहक श्रृंगार किया गया, जिसके दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया। देर रात्रि से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की कतारें लगनी शुरू हो गई। रविवार का अवकाश होने के कारण मेले में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है। बाबा श्याम के जयकारों से पूरा खाटूधाम भक्तिमय नजर आ रहा है। मासिक मेले को लेकर श्री श्याम मंदिर कमेटी, प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की ओर से व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 650 पुलिसकर्मी, होमगार्ड, आरएसी के जवान एवं सेवादार तैनात किए गए हैं। डिप्टी राजेश जांगिड़ और सीआई इन्द्राज मरोडिया ने व्यवस्थाओं की कमान संभाल रखी है। मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। पुलिस एवं प्रशासन की टीमें लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

You might also like