बेटी के प्रेम विवाह से नाराज़ पिता बना हैवान

पुलिस ने किया पर्दाफाश

अभिषेक कुमावत

झुंझुनूं (नवयत्न)। जिले में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने अपनी ही बेटी की हत्या कर दी। मामले का खुलासा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए किया और आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया।

 

पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन एवं वृताधिकारी विकास धींधवाल के सुपरविजन में थानाधिकारी चन्द्रभान के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

 

घटना 28 मार्च 2026 की सुबह सामने आई, जब सूचना मिली कि एक युवती की हत्या कर उसके अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है। पुलिस मौके पर पहुंची और अंतिम संस्कार को रुकवाकर जांच शुरू की। प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों ने सीढ़ियों से गिरने से मौत होना बताया, लेकिन चोटों की स्थिति संदिग्ध लगने पर डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए गए।

 

परिवादी गौरव ने रिपोर्ट दी कि आरोपी पहले भी अपनी बेटी को जान से मारने की धमकी दे चुका था। जांच में सामने आया कि युवती अपनी पसंद से विवाह करना चाहती थी, जबकि पिता उसकी शादी अपनी इच्छा से करना चाहता था। इसी विवाद के चलते आरोपी ने गुस्से में आकर बेटी की हत्या कर दी।

 

पुलिस ने आरोपी सुरेन्द्र कुमार नेहरा (47) को गिरफ्तार कर लिया है और न्यायालय में पेश कर रिमांड प्राप्त किया जाएगा। मामले में अन्य किसी की संलिप्तता सामने आने पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

 

गठित टीम में शामिल रहे:

चन्द्रभान (थानाधिकारी), ललित कुमार शर्मा (एएसआई), सुरेश कुमार (हेड कांस्टेबल), जयपाल सिंह, प्रवीण कुमार, अजीत सिंह और धर्मवीर (कांस्टेबल)।

 

पुलिस अब मामले की गहराई से जांच कर रही है।

You might also like