पहली बार स्टंटबाजी पर FIR दर्ज

नवरतन वर्मा
चूरू (नवयत्न) । शहर की सड़कों पर पावर बाइक से खतरनाक स्टंट करना एक युवक को महंगा पड़ गया। कोतवाली थाना पुलिस ने यातायात नियमों की खुलेआम अवहेलना कर आमजन की जान जोखिम में डालने के आरोप में तारानगर निवासी विजय कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने स्टंट में प्रयुक्त बाइक भी जब्त कर ली है।
कोतवाली थाना अधिकारी गौरव खिड़िया ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से एक युवक शहर की विभिन्न सड़कों पर तेज रफ्तार में पावर बाइक चलाकर खतरनाक स्टंट कर रहा था। उसकी हरकतों से सड़क पर चल रहे लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही थी और दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई थी।
पुलिस ने शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर युवक की पहचान की। जांच के बाद आरोपी विजय कुमार को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया तथा स्टंट में इस्तेमाल की गई बाइक जब्त कर ली गई।
थानाधिकारी गौरव खिड़िया ने बताया कि चूरू शहर में यह पहला मामला है, जिसमें सड़क पर स्टंटबाजी कर लोगों की जान जोखिम में डालने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अब केवल चालान ही नहीं, बल्कि यदि किसी की लापरवाही से आमजन की सुरक्षा खतरे में पड़ती है तो उनके विरुद्ध आपराधिक मुकदमा भी दर्ज किया जाएगा।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि सड़कें स्टंट करने की जगह नहीं हैं। यातायात नियमों का पालन करें और अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह की लापरवाही और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

You might also like