बच्चों की कहासुनी पर भिड़े दो पक्षों में पांच घायल

निसं
जयपुर (नवयत्न) । रामगंज थाना क्षेत्र के संजय बाजार में मंगलवार देर रात बच्चों की कहासुनी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के परिजन आमने-सामने आ गए और उनके बीच मारपीट शुरू हो गई। घटना में दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हो गए, जबकि गंभीर चोट लगने पर एक व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति की जानकारी लेते हुए दोनों पक्षों के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में दोनों पक्षों के आठ लोगों को गिरफ्तार किया है।
वहीं घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संजय बाजार और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। पुलिस मौके पर मौजूद लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है। साथ ही विवाद के कारणों और घटनाक्रम का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि विवाद की पूरी जानकारी जुटाई जा सके। फिलहाल पुलिस क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरत रही है।

You might also like