ज्वेलरी की दुकान से गोल्ड चोरी के चार आरोपी गिरफ्तार
नवरतन प्रजापत
चूरू (नवयत्न)। शहर के पंखा सर्किल के पास ज्वेलरी की दुकान से गोल्ड चोरी के आरोप में कोतवाली थाना पुलिस ने कारवाई करते हुए मध्यप्रदेश से चार चोरो को गिरफ्तार किया है। कोतवाली थाना पुलिस ने बताया कि पंखा सर्किल के पास स्थित जगदंबा ज्वेलर्स पर 22 सितंबर को मूर्ति खरीदने के बहाने आए अज्ञात चोरों ने चतुराई से दुकानदार को बातों में उलझा कर 7 लाख 20 हजार की ज्वेलरी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात का खुलासा आरोपियों के दुकान से जाने के बाद सीसीटीवी कैमरे चेक करने पर हुआ तो पीड़ित ने कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज करवाया। दर्ज मुकदमे में अनुसंधान करते हुए कोतवाली थाना पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की सहायता से संदिग्ध आरोपियों की तलाश शुरू की और मध्य प्रदेश निवासी हसन अली, अमजद, उदय चौहान उर्फ राजू और उड़ीसा निवासी हाल एमपी निवासी जाफर अली को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली थाना पुलिस की इस कार्रवाई में कोतवाली थाने के एफ डब्ल्यू विकास कुमार और कॉस्टेबल पुष्पेंद्र की अहम भूमिका रही। वहीं पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर चोरी हुआ गोल्ड और आरोपियों के नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास कर रही है।