साधु के भेष में ठगी की वारदात, बाबा का दरबार बताकर झांसे में लिया
निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । खेतड़ी उपखंड के शिमला गांव में ठगी की एक वारदात सामने आई, जहां साधु के भेष में आए दो अज्ञात बदमाशों ने खेत में रह रहे एक परिवार को झांसे में लेकर 25 हजार रुपए नकद और एक कट्टा गेहूं लेकर फरार हो गए। इस संबंध में मेहाड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। जानकारी के अनुसार बास मोहल्ला, खानका जोहड़ में जयप्रकाश का परिवार खेत में बने मकान में रह रहा है। जयप्रकाश सऊदी अरब में काम करता है, जबकि घर पर उनकी पत्नी सरोज देवी और पुत्र सचिन मौजूद थे। मंगलवार को बाइक पर सवार दो व्यक्ति वहां पहुंचे और खुद को साधु बताते हुए घर के बाहर बैठ गए। उन्होंने पहले चाय मांगी और बातचीत के दौरान घर के अंदर आ गए। दोनों व्यक्तियों ने धार्मिक क्रिया कराने की बात कहकर लाल कपड़ा और नारियल मंगवाया तथा भभूति और 100 रुपए दिए। इसके बाद उन्होंने घर में रखी नकदी लाने को कहा। उस समय महिला और उसका बेटा उनके प्रभाव में आ गए और 25 हजार रुपए उन्हें दे दिए। इसके बाद आरोपियों ने गेहूं भी मांगा और एक कट्टा गेहूं लेकर तुरंत बाइक से निकल गए। उनके जाने के बाद परिवार को ठगी का एहसास हुआ, जिसके बाद आसपास के लोगों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पड़ोसी मौके पर पहुंचे और आसपास तलाश की, लेकिन बदमाशों का कोई पता नहीं चल पाया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस थाना मेहाडा को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। इस दौरान पुलिस आसपास के संदिग्ध लोगों से पुछताछ की जा रही है।