पार्श्वनाथजी के दर्शन के नाम पर ठगी करने वाला गिरफ्तार

निसं
जयपुर (नवयत्न)। करधनी थाना पुलिस और जयपुर पश्चिम साइबर सेल ने कार्रवाई करते हुए पार्श्वनाथजी के दर्शन और धार्मिक यात्रा कराने के नाम पर श्रद्धालुओं से ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी टूर एंड ट्रेवल्स की आड़ में धार्मिक यात्रा की बुकिंग के नाम पर ऑनलाइन रुपए जमा करवाता और राशि मिलते ही श्रद्धालुओं के मोबाइल नंबर ब्लॉक कर देता था। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर देशभर से 37 से अधिक शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अभिषेक कुमार जैन मूल रूप से भीलवाड़ा का रहने वाला है और वर्तमान में कालवाड़ रोड स्थित मंगलम सिटी में रह रहा था। आरोपी ने मध्यप्रदेश के सागर स्थित विभिन्न मंदिरों में पार्श्वनाथजी के दर्शन और धार्मिक यात्रा से संबंधित पोस्टर लगाए थे। पोस्टर देखकर श्रद्धालु जब उससे संपर्क करते तो वह एडवांस बुकिंग और यात्रा खर्च के नाम पर बैंक खातों में ऑनलाइन राशि जमा करवाता था। रुपए मिलते ही मोबाइल नंबर ब्लॉक कर देता और यात्रा की कोई व्यवस्था नहीं करता। करधनी थानाधिकारी सवाई सिंह ने बताया कि जांच में सामने आया कि आरोपी के बैंक खातों के खिलाफ एनसीआरपी पर देशभर से 37 से अधिक साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने लाखों रुपए की ठगी करना स्वीकार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से दो मोबाइल, एक एटीएम कार्ड, नौ चेक बुक और पांच पासबुक बरामद की हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर ठगी की रकम और अन्य पीड़ितों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

You might also like