चूरू नगर परिषद का नवाचार, घरों में होगी सब्जियों की पैदावार
आमजन को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सभापति की पहल
चूरू,(पीयूष शर्मा)6 मई। सभापति पायल सैनी की सोच के मुताबिक सब कुछ सही रहा तो आगामी दिनों में शहर के अधिकांश घरों में बनी छोटी-छोटी क्यारियों में हरी सब्जियों की पैदावार होती नजर आएगी। सभापति पायल सैनी के मुताबिक कोरोना महामारी के दौरान हर घर को आत्मनिर्भर बनाने के लिए भामाशाहों के सहयोग से ये पहल की गई है। इसी क्रम में बुधवार को आयुक्त द्वारकाप्रसाद की मौजूदगी में वार्ड पार्षदों को विभिन्न किस्म की सब्जियों के बीज किट बांटे गए। पार्षद अपने वार्ड के लोगों को बीज किट वितरित कर घरों में सब्जियां लगाने के लिए प्रोत्साहित करेंगे। परिषद के इस नवाचार से आमजन को अपने घर पर स्वयं द्वारा उगाई गई ताजा सब्जी उपलब्ध होगी। वहीं देशी सब्जी के प्रति भी रूझान बढ़ेगा। इसके लिए सब्जी बीज किट में पालक, धनिया, मूली, भिंडी, लौकी, बंैगन, तुरई व हरी मिर्च सहित अन्य किस्म की सब्जियों के बीज वितरित किए गए हैं।
परिषद की पहल के ये हैं भामाशाह
सभापति पायल सैनी ने बताया कि परिषद की इस पहल की शुरुआत वार्ड तीन के पार्षद गोकुल चंद शर्मा की प्रेरणा से वार्डवासी भामाशाह शुभकरण सैनी व पंकज अग्रवाल ने आर्थिक सहयोग किया। आज वार्ड एक से 20 तक के पार्षदों को बुलाया गया। उपस्थित पार्षदों को वितरण के लिए बीज दे दिए गए। शेष पार्षद अपने बीज किट परिषद से प्राप्त करेंगे। इस मौके पर परिषद के पीआरओ किशन उपाध्याय भी मौजूद थे।