लिव-इन पार्टनर पर प्रेमिका ने किया चाकू से हमला
डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न)। खोराबीसल थाना क्षेत्र में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे युवक पर उसकी प्रेमिका द्वारा चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। इस हमले में युवक के पेट और सीने पर गंभीर चोटें आई हैं। जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल रामेश्वर लाल के अनुसार खोराबीसल निवासी 40 वर्षीय युवक ने पर्चा बयान में बताया कि वह एक निजी कंपनी में कार्यरत है और करीब पांच वर्ष पूर्व उसकी एक युवती से इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और वे आपसी सहमति से लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे।
पीड़ित के अनुसार 18 अप्रैल की रात वह अपने कमरे में सो रहा था। तभी उसकी प्रेमिका ने अचानक चाकू से उस पर हमला कर दिया। युवक के पेट और सीने पर कई वार किए गए। घायल अवस्था में उसने परिचित की मदद से निजी अस्पताल पहुंचकर उपचार लिया, जहां पुलिस को दिए बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया।
वहीं दूसरी ओर युवती ने भी खोराबीसल थाने में युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। युवती का आरोप है कि युवक शराब के नशे में आए दिन उसके साथ मारपीट करता था और उसे लंबे समय से प्रताड़ित कर रहा था। इसी से आक्रोशित होकर उसने हमला किया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।