मंदिर जा रही महिला से चाकू की नोक पर सोने की चेन लूटी

निसं
जयपुर (नवयत्न)। मानसरोवर थाना क्षेत्र में मंदिर जा रही एक महिला से चाकू की नोक पर सोने की चेन लूटने का मामला सामने आया है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। एसआई मुकेश कुमार ने बताया कि किरण पथ निवासी भावना शनिवार सुबह गाय को रोटी खिलाने के बाद बैंक ऑफ इंडिया की गली से मंदिर जा रही थीं। इसी दौरान एक बदमाश उनका पीछा करता रहा।

सुनसान स्थान पर पहुंचते ही उसने चाकू दिखाकर महिला को डराया और गले से सोने की चेन झपट कर तोड़ ली। महिला ने शोर मचाते हुए आरोपी का पीछा भी किया लेकिन वह गलियों से होते हुए फरार हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें आरोपी की पूरी करतूत कैद मिली। एसआई मुकेश कुमार ने बताया कि पीडि़ता ने रविवार को मानसरोवर थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

You might also like