10 करोड़ की लागत से बनेगा सरकारी विद्यालय का भवन
सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न)। 10 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, तारानगर के नवीन विद्यालय भवन का शिलान्यास बुधवार को भामाशाह ताराचंद गोयल एवं उनकी धर्मपत्नी विम्मी गोयल ने किया। भामाशाह गोयल दम्पती ने अपनी नेक कमाई से विद्यालय भवन निर्माण के लिए लगभग 10 करोड़ रुपये की राशि खर्च करेंगे जो शिक्षा के क्षेत्र में अनुकरणीय पहल है। शिलान्यास समारोह के विशिष्ट अतिथि भाजपा नेता राकेश जांगिड़, पालिकाध्यक्ष हरि प्रसाद इंदोरिया, उपाध्यक्ष जमरदीन तेली, अजीत सिंह राठौड़, जसवंत स्वामी, एसडीएम प्रियंका कड़ेला, तहसीलदार अनोपा राम, सीबीईओ बबलेश शर्मा थे। अतिथियों ने भामाशाह दम्पती का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किया गया यह योगदान आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। तारानगर सीबीईओ बबलेश शर्मा ने भामाशाह गोयल परिवार के इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए इसे तारानगर क्षेत्र के शिक्षा जगत के लिए महत्वपूर्ण योगदान बताया। शर्मा ने बताया कि करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नवीन विद्यालय भवन आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। समारोह में हजारीमल धीरवासिया, शंकर चाचाण, गौरीशंकर धीरवासिया, कैलाश चाचाण, प्रवीण गोयल, सुशील सरावगी, लीलाधर बागोरिया, माणकचन्द सैनी, मो. तैयब, चुन्नीलाल सैनी, वीरबहादुर राठौड़, सरिता सरावगी, डॉ अशोक जांगिड़, पार्षद भगवतीप्रसाद शर्मा, श्रवणदान चारण आदि शिक्षा विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, शिक्षक, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।