एक दिन में उखड़ी सोहली-कलोठडा सड़क, ग्रामीणों ने रुकवाया निर्माण कार्य

मधु दहिया
बुहाना (नवयत्न)। सोहली ग्राम पंचायत से कलोठडा को जोड़ने वाली सड़क के निर्माण की गुणवत्ता को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में कमियां बताते हुए काम रुकवा दिया और गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण की मांग की। सूचना पर पीडब्ल्यूडी के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में निर्धारित मात्रा में तारकोल और रोड़ी का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि नई बनी सड़क का हिस्सा निर्माण के कुछ समय बाद ही उखड़ गया। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क का निर्माण केवल खानापूर्ति के लिए नहीं, बल्कि निर्धारित मापदंडों के अनुसार किया जाना चाहिए, ताकि सड़क लंबे समय तक टिक सके। ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराने और मानकों के अनुसार काम करवाने की मांग की। उनका कहना था कि सड़क में पर्याप्त मात्रा में तारकोल और रोड़ी डाली जाए तथा निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की भी जांच की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य में सुधार नहीं किया गया तो वे आगे भी विरोध करेंगे। हालांकि, सड़क निर्माण को लेकर विभाग की ओर से मौके पर क्या निर्देश दिए गए, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। विरोध के दौरान प्रदीप कुमार, विक्रम यादव, ईश्वर सिंह, कृष्ण यादव, मोहित, दिलबाग सिंह, महेंद्र सोहली, अशोक यादव, यशपाल यादव, घनश्याम, विक्रम सिंह, विकी सोनी, विजय सोनी, दलबीर सिंह, नवीन, कुलदीप और मोहित सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
गुणवत्ता को लेकर जताई आपत्ति, मौके पर बढ़ा विवाद
ग्रामीणों के अनुसार, जब उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए काम रुकवाया तो मौके पर मौजूद लेबर मुखिया से उनका विवाद हो गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लेबर मुखिया ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और धमकी भरे अंदाज में बात की। इससे मौके पर स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।

You might also like