दो दिवसीय अंजुमन मिलन समारोह का भव्य आयोजन 11 अप्रैल से

अबुबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। स्थानीय अंजुमन क्रिकेट क्लब, लाडनूं के तत्वावधान में शहर के रोडा भवन में 11 अप्रैल 2026, रविवार से दो दिवसीय अंजुमन मिलन समारोह–2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर शहर के क्रिकेट प्रेमियों और खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। कार्यक्रम संरक्षक मो. उमर बड़गुजर एवं टीम कप्तान अब्दुल हमीद मुगल ने बताया कि इस समारोह का मुख्य उद्देश्य अंजुमन क्रिकेट क्लब से जुड़े खिलाड़ियों और सदस्यों के योगदान को सम्मानित करना तथा आपसी भाईचारे और खेल भावना को मजबूत करना है।
समारोह के दौरान क्लब के उन सभी सदस्यों को, जिन्होंने वर्षों तक क्रिकेट क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है, लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उनके समर्पण, खेल के प्रति जुनून के लिए प्रदान किया जाएगा।
दो दिवसीय इस कार्यक्रम में विभिन्न खेल गतिविधियों, सम्मान समारोह और आपसी संवाद के विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। साथ ही, यह आयोजन पुराने और नए खिलाड़ियों के बीच अनुभव साझा करने का एक महत्वपूर्ण मंच भी बनेगा।
इस अवसर पर अशोक बेद, विमल कठोतिया, पारस नाहटा, राजू जांगिड़, विजय बैद, रफीक भाटी सहित देश भर से अंजुमन क्लब से जुड़े खिलाड़ी और खेल प्रेमी भाग लेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

You might also like