पुलिस कमिश्नर 11 अप्रैल को थाने में करेंगे जनसुनवाई

डी के सैनी

जयपुर (नवयत्न ) । आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय कायम रखने के उद्देश्य से जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल 11 अप्रैल (शनिवार) को पुलिस थाना चौमूं में जनसुनवाई करेंगे। यह जनसुनवाई दोपहर 11:30 बजे से 1:30 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें क्षेत्र के परिवादियों की समस्याएं सुनी जाएंगी और मौके पर समाधान का प्रयास किया जाएगा।
पुलिस प्रशासन के अनुसार इस जनसुनवाई में चौमू सर्किल के चौमूं, हरमाड़ा, विश्वकर्मा और दौलतपुरा थाना क्षेत्रों से जुड़े परिवादियों की शिकायतों पर सुनवाई की जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण कर उन्हें राहत प्रदान करना है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल द्वारा एसीपी कार्यालय झोटवाड़ा, सामुदायिक भवन सांगानेर, पुलिस थाना शिप्रापथ, विद्याधर नगर, भांकरोटा, बस्सी और शिवदासपुरा थानों में जनसुनवाई कर लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा चुका है।
पुलिस प्रशासन ने संबंधित क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए निर्धारित समय पर उपस्थित होकर जनसुनवाई का लाभ उठाएं।

You might also like