विष्णुदत्त जैसा तो नहीं बन सकता मगर प्रयास यही रहेगा-गुर भूपेंद्र सिंह

नवनियुक्त थानाधिकारी ने संभाला पदभार

सादुलपुर,(राजेश राजपूत)30 मई। राजगढ़ थाने में नवनियुक्त थानाधिकारी गुर भूपेंद्र सिंह ने शनिवार को कार्यभार संभाल लिया है। इनकी नियुक्ति के आदेश दो दिन पहले ही हो गए थे मगर उहापोह की स्थिति चल रही थी कि क्या पता अन्य अधिकारियों की भांति इनकी भी नियुक्ति आदेश कैंसिल ना हो जाए। इनके द्वारा कार्यभार संभालने के पश्चात यह तसल्ली हो गई कि राजगढ़ थाना क्षेत्र की जिम्मेवारी गुर भूपेंद्र सिंह ही संभालेंगे।

करीब 4 साल पहले राजगढ़ वृत के सिद्धमुख में भी थानाधिकारी रह चुके भूपेन्द्र सिंह ने पत्रकारों से वार्ता के दौरान कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता इस क्षेत्र की जनता का विश्वास प्राप्त करने की रहेगी। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था के मुद्दे में वह जन भावनाओं के अनुरूप काम करेंगे तथा आम जनता को सुचारू कानून व्यवस्था मिल सके इसके लिए कृतसंकल्प रहेंगे।

कार्यभार संभालने से पहले थानाधिकारी रहे विष्णुदत्त विश्नोई को नमन करने के बाद उन्होंने कहा कि वह विष्णुदत्त जैसा तो नहीं बन सकते, मगर प्रयास यही रहेगा कि उनके कदमों पर चलते हुए राजगढ़ क्षेत्र की जनता की कानून व्यवस्था संबंधी अपेक्षा को पूरा कर सकूं। उन्होंने नागरिकों से भी अनुरोध किया है कि वह उनका सहयोग करें और किसी भी प्रकार की समस्या अथवा जानकारी के लिए उनसे संपर्क कर सकते हैं।

You might also like