पत्रकारिता की आज़ादी पर ‘हल्ला बोल’
नवरतन अग्रवाल
जयपुर (नवयत्न)। पत्रकारिता और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर कथित हमलों के विरोध में IFWJ (इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स) का आंदोलन अब निर्णायक चरण में पहुंच गया है। एक वरिष्ठ पत्रकार की आजीविका पर कार्रवाई और रंजिशन दर्ज किए गए मामलों के विरोध में चल रहा धरना बुधवार को 18वें दिन में प्रवेश कर गया। संगठन ने सरकार की अनदेखी और संवेदनहीनता के खिलाफ गुरुवार, 16 अप्रैल को प्रदेशभर से पत्रकारों के महाजुटाव और रैली का ऐलान किया है।
संगठन के अनुसार, 29 मार्च को बड़ी संख्या में पत्रकार मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने के लिए एकत्रित हुए थे। प्रशासन की ओर से शाम 5 बजे मुलाकात का आश्वासन दिया गया, लेकिन देर रात तक भी मुख्यमंत्री द्वारा ज्ञापन नहीं लिया गया। इस वादाखिलाफी के बाद संगठन ने अनिश्चितकालीन धरना जारी रखने का निर्णय लिया। 18 दिन बीतने के बावजूद सरकार की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने से पत्रकारों में रोष बढ़ता जा रहा है।
IFWJ ने जैसलमेर के एक प्रकरण को गंभीर बताते हुए आरोप लगाया कि तत्कालीन जिला कलेक्टर ने वरिष्ठ पत्रकार उपेन्द्र सिंह राठौड़ को दुर्भावनापूर्ण तरीके से निशाना बनाया। संगठन का कहना है कि प्रशासन की कमियों को उजागर करने वाली खबरों के कारण पत्रकार के रोजगार को नुकसान पहुंचाने की साजिश रची गई।
मामले को कानूनी स्तर पर भी उठाते हुए संगठन ने संबंधित कलेक्टर के खिलाफ साक्ष्य एकत्रित कर डीजी एसीबी को सौंपे हैं। साथ ही राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश, सीबीआई निदेशक, कैबिनेट सचिव, राजस्थान के मुख्य सचिव और कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग को भी शिकायत भेजकर निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
गुरुवार को प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत सभा के बाद पत्रकारों की एक विशाल रैली मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर कूच करेगी, जहां ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके बाद संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी आगे की रणनीति पर निर्णय लेंगे। संगठन ने स्पष्ट किया है कि दोषियों पर कार्रवाई और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
धरना स्थल पर बुधवार को गणेश प्रजापति, नकुल शर्मा, बलवीर सैनी, सुनील यादव, आकाश शर्मा, दुर्गेश कुमार लक्षकार, उमेश लवानिया और खीवराज सिंह सहित अन्य सदस्यों ने मौजूद रहकर आंदोलन को मजबूती दी और एकजुटता का आह्वान किया। गुरुवार के कार्यक्रम को लेकर विभिन्न जिलों से पत्रकारों का पहुंचना शुरू हो गया है।