हनुमान जन्मोत्सव एवं नानी बाई रो मायरो 28 से

प्रदीप कुमार सैनी
दांतारामगढ़ (नवयत्न)। श्री खेड़ापति बालाजी धाम दांता में 28 मार्च से 2 अप्रैल तक भव्य हनुमान जन्मोत्सव एवं नानी बाई रो मायरो का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल हैं। मलूक पीठाधीश्वर राजेन्द्रदास महाराज, महामण्डलेश्वर स्वामी कुशाल गिरी महाराज, रामरिछपालदास महाराज, महंत मनोहरशरण शास्त्री महाराज एवं महंत सीतारामदास महाराज के सानिध्य में कार्यक्रम की शुरुआत 28 मार्च को प्रातः 9:15 बजे भव्य कलश यात्रा से होगी, जिसमें 2100 महिलाएं हाथी, घोड़े और बैण्ड-बाजों के साथ मुख्य मार्गों से होते हुए कथा स्थल तक पहुंचेंगी। आयोजन के दौरान प्रतिदिन दोपहर 12:15 बजे से 4:15 बजे तक कथा का आयोजन होगा, जिसमें राजस्थान के सुप्रसिद्ध कथावाचक पं. चन्द्रप्रकाश शास्त्री खाचरियावास कथा वाचन करेंगे।

विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला में 1 अप्रैल को प्रातः 8:15 बजे बालाजी का अभिषेक, 10:15 बजे पूजन एवं हवन तथा रात्रि 8:15 बजे से विशाल भजन संध्या आयोजित होगी, जिसमें गायक मुकेश राजपुरोहित अपनी प्रस्तुतियां देंगे। वहीं 2 अप्रैल को प्रातः 8:15 बजे निशान यात्रा निकाली जाएगी, इसके बाद प्रातः 11:15 बजे बालाजी का जन्मोत्सव, दोपहर 12:15 बजे विशाल भण्डारा, शाम 4:15 बजे जुलूस, 7:15 बजे महाआरती तथा रात्रि 8:15 बजे संगीतमय सुंदरकाण्ड पाठ का आयोजन किया जाएगा। आयोजक श्री खेड़ापति बालाजी उत्सव समिति एवं समस्त भक्तगणों द्वारा कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। यह आयोजन क्षेत्र में भक्ति, आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं का अनूठा संगम प्रस्तुत करेगा।

You might also like