प्रगति नगर में घुसते हैं भारी वाहन, लोग हो रहे हैं परेशान
अमित प्रजापत
सुजानगढ़ (नवयत्न ) । नियमों को धत्ता बताकर शहर के अंदर घुसने वाले भारी वाहन आम लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। जानकारी के अनुसार ओवर ब्रिज का कार्य चलने के कारण शहर में भारी वाहनों का प्रवेश बंद है। लेकिन उसके बावजूद भी दिन में और रात में शहर में भारी वाहन प्रवेश कर रहे हैं। इसी प्रकार का वाकया शुक्रवार की रात को सामने आया, जब प्रगति नगर में घुसा एक ओवरलोड ट्रक बिजली के तार नीचे होने के कारण रास्ते में ही रूक गया। लोगों ने वाहन चालक को घेर लिया और वापस जाने के लिए कहा। काफी देर तक लोगों ने उसके साथ जिद बहस की। प्रगति नगर के लोगों को इस समस्या के कारण खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी ओमप्रकाश गुलेरिया ने बताया कि दिन रात भारी वाहन आते हैं, जिसके कारण सड़क रोज टूट रही है, कई बार पाईप लाईन भी क्षतिग्रस्त हो गई। इसी गली में जिला परिवहन अधिकारी निवास करते हैं, लेकिन वो इस समस्या का समाधान नहीं कर रहे। दूसरी ओर अशोक प्रजापत ने बताया कि रात में कई बार दो वाहन आमने-सामने से आने पर सड़क जाम हो जाती है और लोगों की नींद हराम हो जाती है, इसलिए हमारी मांग है कि सरकार और प्रशासन शहर में आने वाले भारी वाहन चालकों पर कार्यवाही करे। क्योंकि अवैध रूप से इस प्रकार के वाहन शक्ति माता चैराहे से घुसते हैं और आबसर खालियां गांव की ओर जाते हैं। जबकि शहर में भारी वाहनों का प्रवेश बोबासर पुलिया के पास से ही वर्जित है।