आग से जला आशियाना
नवरतन वर्मा
चूरू ( नवयत्न) । जिले की बीदासर तहसील के गांव मानपूरा की ढाणी में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। छप्पर में अचानक आग लगने से दो सगी बहनों की जिंदा जलने से मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी अनुसार रविवार को करीब साढ़े तीन बजे भागीरथ मेघवाल के खेत में बनी झोपड़ी में चुल्हा जल रहा था। तेज हवा के कारण चुल्हे से चिंगारी निकलने से झोपड़ी में आग लग गई । जब आग लगी उस समय झोपड़ी में दो सगी बहनें जिसमें 11 वर्षीय मोनिका और 09 वर्षीय डाली सो रही थी । दोनों की झुलसने से मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्य दोपहर चाय पीने के बाद पास स्थित कुएं के खेत में कृषि कार्य करने चले गए थे। उसी दौरान दोनों बच्चियां घर के छप्पर में सो रही थीं।
इसी बीच अचानक छप्पर में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की चपेट में आने से दोनों बच्चियां बुरी तरह झुलस गईं। जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सुचना मिलने पर मौके पर पुलिस और पटवारी पहुँचे और डीएसपी नेमीचन्द मौके पर पहुँचे । दोनों बहनों के शवों को राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया और शव को मोर्चरी में रखवाया गया । जिसके बाद बीदासर एसडीएम अम्मीलाल यादव और सुजानगढ़ एसपी सतपाल सिंह ने भी मौक़ा निरीक्षण किया ।