जनरल सगत सिंह की मूर्ति अनावरण में सैकड़ों वाहन जाएंगे

ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । चूरू जिला मुख्यालय पर 22 अप्रैल को जिला स्टेडियम में लेफ्टिनेंट जनरल सगत सिंह की मूर्ति अनावरण कार्यक्रम भव्य रूप से आयोजित होगा। कार्यक्रम में सिक्किम के राज्यपाल ओमप्रकाश माथुर, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल सहित प्रदेश के कई मंत्री, विधायक एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता शिरकत करेंगे। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़ का जन्मदिवस भी धूमधाम से मनाया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर चूरू कृषि उपज मंडी में भी विशेष आयोजन प्रस्तावित है। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर चूरू जिले में भाजपा कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं और विभिन्न बैठकों व नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में पहुंचने का आह्वान किया जा रहा है। रतनगढ़ क्षेत्र में भाजपा जिला उपाध्यक्ष भागीरथ सिंह राठौड़ के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। भागीरथ सिंह राठौड़ ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यक्रम को लेकर लोगों में भारी उत्साह है। रतनगढ़ विधानसभा क्षेत्र से करीब 110 बसों के माध्यम से कार्यकर्ता चूरू पहुंचेंगे, वहीं सैकड़ों कार्यकर्ता निजी वाहनों से भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों के लिए भोजन, पानी व छाछ सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिला प्रवक्ता गिरधारी सिंह राठौड़, संपतराम नायक, भगवान दास स्वामी, पर्वत सिंह, गिरवर सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

You might also like