खबर का असर : ओवरब्रिज पर फिर लौटी रोशनी

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । शहर से गुजरने वाले तीन ओवरब्रिजों पर रोड़ लाइटें बंद होने और रात के समय यहां अंधेरा रहने की खबर प्रकाशित होने के बाद एनएचएआई विभाग हरकत में आया और यहां तिरपाल मार्केट के पास ओवरब्रिज पर बंद पड़ी लाइटों को दुरुस्त कर चालू कर दिया गया जिससे यहां एक बार फिर से रोशनी में सड़क चमकने लगी है। गौरतलब है कि सोमवार को खबर प्रकाशित की गई थी जिसमें शहर के तीन ओवरब्रिजों पर बड़ी संख्या में लाइटें खराब होने से राहगीरों और वाहन चालकों को होने वाली परेशानी और दुर्घटना की संभावना से प्रशासन को अवगत करवाया गया। खबर के बाद विभाग हरकत में आया और यहां लाईट व्यवस्था दुरुस्त की गई। इसके बाद स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने राहत महसूस की है।
पूरे मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करवाने का आश्वासन:
एनएचएआई के अधिकारी आरएस त्रिपाठी ने बताया कि पदमपुरा साइड से तिरपाल मार्केट की तरफ उतरने वाले ओवरब्रिज की बंद लाइटों को फिर से चालू कर दिया गया है मगर इसके आगे रेल्वे पटरी पर बने ओवरब्रिज और डीडवाना चौराहे पर बने ओवरब्रिज पर खराब पड़ी अनेक लाईटों का दुरुस्त करवाया जाना अभी बाकी है। इसके लिए टेक्निकल टीम को बुलाकर सभी लाईटों को दुरुस्त कर चालू करवाया जाएगा। ताकि इस पूरे मार्ग पर पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित हो सकेगी।

You might also like