सुरभि गोशाला के नवनिर्मित कार्यालय भवन का लोकार्पण, भामाशाह का किया सम्मान

निसं
बुगाला (नवयत्न)। पंडित गणेश नारायण नेत भोमिया सुरभि गोशाला में गुरुवार को नवनिर्मित कार्यालय भवन का लोकार्पण संत ब्रह्मचारी गणेश चैतन्य के सानिध्य में समारोहपूर्वक किया गया। कोषाध्यक्ष महेंद्र बुगालिया ने बताया कि मुंबई प्रवासी भामाशाह शीशराम बुगालिया के सहयोग से बनाए गए कार्यालय भवन का अतिथियों ने फीता काट कर लोकार्पण किया। इससे पहले पंडित रविकांत शास्त्री के सानिध्य में हवन हुआ जिसमें गणमान्य लोगों ने आहुतियां देकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं गोवंश के कल्याण की कामना की। समारोह की अध्यक्षता डॉ. जेपी बुगालिया ने की। विशिष्ट अतिथि जाखल गोशाला अध्यक्ष प्रताप सिंह मूंड, मनोहर सिंह, हीरानंद बुगालिया, शीशराम बुगालिया, प्रभुदयाल, हनुमानराम बुगालिया, नंदकिशोर स्वामी, द्वारका प्रसाद, हरिराम एवं कम्पाउंडर विजेंद्रसिंह रहे। गोशाला कमेटी के कैप्टन महेशकुमार, महेंद्र केडिया, विजयपाल सिंह, महावीर बुगालिया, पवन सिंह शेखावत, पुष्पेंद्र एवं विनोद कुमार ने अतिथियों और भामाशाहों का साफा पहनाकर एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस अवसर पर संत गणेश चैतन्य ने कहा कि गाय में 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास माना गया है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को गोसेवा के कार्यों में अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि गोसेवा सबसे बड़ा पुण्य कार्य है और समाज के सामूहिक सहयोग से ही गोशालाओं का विकास संभव है। मुख्य वक्ता डॉ. जेपी बुगालिया ने गोशाला कमेटी एवं दानदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि इतने कम समय में गोशाला का विकास करना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने गांव में एक अन्य सामाजिक संस्था स्थापित करने की आवश्यकता जताई, जो आगे आकर ग्राम विकास के कार्यों में भी योगदान दे। उन्होंने गोशाला की आजीवन सदस्यता ग्रहण करते हुए निशुल्क चिकित्सा शिविर लगाने तथा प्रतिवर्ष 51 हजार रुपए सहयोग राशि देने की घोषणा की। प्रिंसिपल सुरेंद्र पारीक, रिटायर्ड प्रधानाचार्य ओमप्रकाश बुगालिया एवं गौरीशंकर सैनी, प्रताप सिंह मूंड ने भी विचार व्यक्त किए। समारोह में गोसेवा के लिए सहयोग करने वाले भामाशाहों के योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम का संचालन कपिल कुमावत ने किया। इससे पूर्व बुधवार रात्रि को गोशाला परिसर में जागरण हुआ जिसमें रावतसर के सांवरमल सैनी एवं पार्टी ने भक्ति गीतों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

You might also like