शिविर में विश्वकर्मा योजना के बारे में दी जानकारी
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। श्री माधव शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, लाडनूं में पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत एक दिवसीय जागरूकता एवं क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र, जयपुर तथा श्री माधव शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, लाडनूं के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में आसपास के क्षेत्रों से 100 से अधिक पीएम विश्वकर्मा कार्डधारी लाभार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि माधवेंद्र सिंह तथा मुख्य अतिथि के रूप में जयपुर से पधारे अधिकारी मधुकर शर्मा, बलराम मीणा, अंशु शर्मा एवं भुवनेश शर्मा उपस्थित रहे। इसके साथ ही आईसीआईसीआई बैंक, शाखा लाडनूं के शाखा प्रबंधक मोतीलाल प्रजापत भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। इस दौरान अधिकारियों ने पीएम विश्वकर्मा कार्डधारी लाभार्थियों की विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उनका समाधान किया। साथ ही लाभार्थियों को योजना से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी देकर उन्हें योजना का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों एवं शिल्पकारों को जागरूक करना, उनकी समस्याओं का समाधान करना तथा उन्हें कौशल विकास और स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।