51 चयनित जरूरतमन्द परिवारों को पहुंचाई राशन सामग्री

यूथ कांग्रेस ने शुरू किया न्याय अभियान

झुंझुनूं,(अश्वनी शर्मा)22 मई। देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न राजीव गाँधी के बलिदान दिवस पर अखिल भारतीय यूथ कांग्रेस के द्वारा देशभर में गरीबों व जरूरतमन्दों को न्याय दिलाना है और हमें देश बचाना है इस संकल्प के साथ देश के सभी जिला मुख्यालय पर यूथ कांग्रेस ने न्याय अभियान की शुरूआत की है। सरकारों व जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया गया है कि युवा कांग्रेस देगी 1 दिन का न्याय इसलिए 6 महीने का न्याय दे केंद्र सरकार।

संकल्पित न्याय अभियान के तहत केन्द्र सरकार से मांग की गई है कि देश के हर एक जरूरतमन्द परिवार को 72 हजार रुपये वार्षिक आर्थिक मदद देने एवं ग्रामीण क्षेत्र में मनरेगा योजना में दुगुनी राशि का आर्थिक सहयोग देकर गरीबों व जरूरतमन्दों को सम्बल प्रदान किया जाये।

न्याय अभियान की शुरुआत झुंझुनूं जिला मुख्यालय पर करते हुए यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुधीन्द्र मूंड ने 51 जरूरतमन्द परिवारों को एसडीएम झुंझुनूं के कार्यालय के माध्यम से राशन सामग्री के किट गरीबों तक पहुंचाए है।

देश के गरीब व जरूरतमन्दों को न्याय देने के संकल्पित अभियान की शुरुआत के अवसर पर यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सीताराम लाम्बा, जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष मंच के सदस्य मनोज मील, राजीव गाँधी पंचायतराज संगठन के जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र बेनीवाल, सुनील झाझड़िआ, सुशील मालसरिया, रणजीत चंदेलिया, उत्तम चौधरी, प्रदीप खीचड़ सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे। जिन्होंने कोरोना महामारी की पीड़ादायक संकटकालीन समय में यथासंभव गरीबों व जरूरतमन्दों को मदद करने की आमजन से अपील की है।

You might also like