झुंझुनूं में दूसरे चरण से शुरु होगा मतदान

अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। पंचायती राज चुनाव का कार्यक्रम जारी होने के साथ ही गांवों में चुनावी हलचल तेज होने लगी है। झुंझुनूं जिले के मतदाताओं को पहले चरण में मतदान का मौका नहीं मिलेगा। जिले में पंचायत चुनाव की शुरुआत दूसरे चरण से होगी। इसके चलते संभावित प्रत्याशियों ने भी अब अपने – अपने क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ाने की तैयारी शुरु कर दी है। राज्य में पंच और सरपंच के चुनाव चार चरणों में होंगे। पहले चरण का मतदान 25 अक्टूबर, दूसरे चरण का 31 अक्टूबर, तीसरे चरण का 6 अक्टूबर और चौथे चरण का 16 नवंबर को होगा। वहीं जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान 23 अक्टूबर, 29 अक्टूबर, 4 नवंबर और 14 नवंबर को चार चरणों में कराया जाएगा। वोटिंग का समय सुबह सात बजे से शाम 6 बजे तक होगा। लेकिन झुंझुनूं जिले में मतदान तीन चरणों में कराया जाएगा। जिले में कुल 14 पंचायत समिति और 389 ग्राम पंचायत हैं। जिला परिषद पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना जिला मुख्यालय पर होगी, जो 20 नवंबर को सुबह 8 बजे बजे से शुरू होगी। जिला प्रमुख के चुनाव 25 नवंबर को, उप जिला प्रमुख के चुनाव 26 नवंबर को, प्रधान के चुनाव 27 नवंबर को, उप प्रधान के चुनाव 28 नवंबर को होंगे। वहीं पंच और सरपंचों के चुनाव परिणाम वोटिंग के दिन ही देर रात तक नतीजे घोषित होंगे। सरपंच और वार्ड पचं के चुनाव बैलेट से होंगे। पंचायत समिति मेंबर और जिला परिषद मेंबर के चुनाव ईवीएम से होंगे। जिला परिषद सदस्य के लिए 3 लाख रुपए , पंचायत समिति सदस्य के लिए 1.50 लाख रुपये तथा सरपंच पद के चुनाव खर्च की सीमा 1 लाख रुपए रखी गई है।
कौन – कौन से चरण में होगी वोटिंग
झुंझुनूं जिले में दूसरे चरण से चुनावी प्रक्रिया शुरु होगी। दूसरे चरण में झुंझुनूं, चिड़ावा, सूरजगढ़, सिंघाना, पिलानी और बुहाना क्षेत्र शामिल हैं। इन क्षेत्रों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के साथ निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पंच-सरपंच पदों के लिए भी मतदान होगा। इसके बाद तीसरे चरण में नवलगढ़, गोठड़ा, उदयपूरवाटी और गुढ़ागौड़जी क्षेत्र में चुनाव होंगे। वहीं चौथे चरण में खेतड़ी, बबाई, मंडावा, और अलसीसर क्षेत्र मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।

You might also like