पट्टा वितरण कार्यक्रम आयोजित
श्रवण सारस्वत
रींगस (नवयत्न) । नगरपालिका के तत्वावधान में बुधवार को एक भव्य पट्टा वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नगरपालिका के सामने स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के टिन शेड में आयोजित इस कार्यक्रम में खंडेला विधायक श्री सुभाष मील ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उनके कर-कमलों द्वारा नगरपालिका क्षेत्र के 94 लोगों को उनके भूखंडों के पट्टे वितरित किए गए।
लंबे समय से अपने आशियाने और जमीन के मालिकाना हक का इंतजार कर रहे लोगों के हाथों में जब पट्टे आए, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा और पूरे पंडाल में एक उत्सव सा माहौल बन गया।
इस अवसर पर उपस्थित विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक सुभाष मील ने कहा कि आज का ये विशाल पट्टा वितरण कार्यक्रम वर्तमान भाजपा सरकार के उस संकल्प का द्योतक है कि आमजन को अपने कार्यों के लिए किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े और सभी कार्य पूरी सुगमता व पारदर्शिता के साथ पूरे हों।
उन्होंने विकास कार्यों का ब्यौरा देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली सरकार के इस कार्यकाल में रींगस क्षेत्र में विकास की गंगा बह रही है। उन्होंने कहा, “चाहे सालों से लंबित राजकीय महाविद्यालय की सौगात हो, राजकीय चिकित्सालय का क्रमोन्नयन हो, भैरूजी की जोहड़ी का जीर्णोद्धार हो, या फिर क्षेत्र में पानी और सड़क से जुड़ी समस्याएं हों—इन सभी पर तेजी से कार्य करवाया जा रहा है और विकास का यह पहिया आगे भी अनवरत घूमता रहेगा।
विधायक मील ने क्षेत्र के युवाओं, किसानों, मजदूरों और महिलाओं को आश्वस्त किया कि वे विधानसभा में उनके हकों और अधिकारों की आवाज पूरी मजबूती से उठाते रहेंगे। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि प्रदेश की ‘डबल इंजन सरकार’ आमजन के हर सपने को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस सफल और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए उन्होंने रींगस नगरपालिका प्रशासन की कार्यशैली की जमकर तारीफ की और उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में प्रशासन और संगठन के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपखंड अधिकारी बृजेश कुमार, तहसीलदार महेश ओला, स्वास्थ्य निरीक्षक मुकेश कुमावत, नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष अमित शर्मा, चंद्रशेखर कानूनगो, विष्णु गंगावत, महामंत्री रोशन सितमका. युवा मोर्चा अध्यक्ष ओमप्रकाश कोरखन्या, आयुष कानूनगो, राकेश शर्मा, अखिलेश भातरा, अशोक कानूनगो, संदीप शर्मा, महेंद्र बधाला, ओम प्रकाश बुड़ी, अरुण बावड़ीका और महेंद्र बावलिया सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र की महिलाएं व पुरुष उपस्थित रहे।
यादगार बना पट्टा वितरण
कार्यक्रम के अंत में विधायक सुभाष मील ने सभी 94 पट्टा प्राप्तकर्ताओं के साथ एक ग्रुप फोटो खिंचवाया। पट्टा मिलने की संतुष्टि और खुशी इन सभी लाभार्थियों के चेहरों पर देखते ही बनती थी।