विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन, विद्यार्थियों को दी कानूनी जानकारी

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । स्थानीय सुभाष बोस उच्च माध्यमिक विद्यालय मे ‘राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, डीडवाना के निर्देशानुसार विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश आरिफ मोहम्मद खान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कानून की जानकारी प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान के प्रति सम्मान, अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी रखने तथा एक जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनने का आह्वान किया। उन्होंने साइबर अपराधों से सतर्क रहने, बाल अधिकारों, शिक्षा के अधिकार, महिला एवं बाल सुरक्षा नशा मुक्ति तथा निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी भी विद्यार्थियों को दी। इस अवसर पर पैनल अधिवक्ता जयश्री डुकिया ने विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम, साइबर सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, नशा मुक्ति, सड़क सुरक्षा तथा कानूनी जागरूकता के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें कानून का पालन करने एवं किसी भी कानूनी समस्या की स्थिति में विधिक सेवा प्राधिकरण से निःशुल्क सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विद्यालय के कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रधानाचार्य भंवर लाल मील ने अधिवक्ता पेनल का धन्यवाद ज्ञापित किया। संचालन शक्ति सिंह ने किया।

You might also like