पॉलिटेक्निक कॉलेज में साइबर ठगी से बचाव का पाठ

अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। साइबर सुरक्षित अभियान के तहत राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज आबूसर में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्रों और कॉलेज स्टाफ को ऑनलाइन ठगी, डिजिटल गिरफ्तारी, फिशिंग लिंक और सामाजिक माध्यमों पर खाते हैक होने से बचाव के तरीके बताए गए। कार्यक्रम में साइबर थाना झुंझुनूं की टीम से मुख्य वक्ता अशोक कुमार, प्रोग्रामर और ताराचंद मीणा, सहायक उपनिरीक्षक मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि साइबर ठगी से बचने के लिए किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, पासवर्ड या निजी दस्तावेज साझा नहीं करने चाहिए। सामाजिक माध्यमों पर घर का पता, बच्चों के स्कूल का नाम, फोटो और अन्य निजी जानकारी साझा करने से भी बचना चाहिए। वक्ताओं ने छात्रों को मोबाइल में दो-स्तरीय सुरक्षा चालू रखने और अनजान फोन, संदेश, लिंक या किसी लालच में आकर ऑनलाइन लेनदेन नहीं करने की सलाह दी। निवेश के नाम पर होने वाली ठगी से सावधान रहने और केवल भरोसेमंद माध्यमों से ही ऑनलाइन लेनदेन करने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है तो बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें। इसके अलावा साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। पीड़ित व्यक्ति नजदीकी पुलिस थाने में भी शिकायत कर सकता है। कार्यक्रम में कॉलेज प्राचार्य अनिल कुमार जांगिड़, कॉलेज स्टाफ और विद्यार्थी मौजूद रहे। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों से साइबर सुरक्षा को लेकर स्वयं जागरूक रहने और अपने परिवार के बच्चों व बुजुर्गों को भी जागरूक करने की अपील की।

You might also like