पेयजल आपूर्ति का समय निश्चित करने के लिए सौंपा पत्र
नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न) । रतनगढ़ में भाजपा नेता एवं पूर्व भाजपा शहर मण्डल अध्यक्ष अरविन्द इंदौरिया ने जलदाय विभाग के अधिशाषी अभियंता को पत्र देकर एवं वार्ता कर अवगत कराया की रामचंद्र पार्क के पीछे की कई बस्तियों में रिणी टंकी से पीने के पानी की सप्लाई की जाती है, परन्तु इस सप्लाई का कोई निश्चित या निर्धारित समय नहीं है। इंदौरिया ने बताया की यहां शनि मंदिर के पास भार्गव बस्ती , गुरुकुल स्कूल के पास की बस्ती, प्रकाश पाठ शाला के पास की बस्ती , भोलागिरी भवन एवं गोगा मेला स्थल के आस पास लग भग दो सौ घरों की बस्तियों में जलदाय विभाग द्वारा रिणी की टंकी से दी जाने वाली सप्लाई का कोई निश्चित समय नहीं है। उक्त स्थानों पर सायं 5 बजे से रात्रि 11 बजे तक कभी भी सप्लाई खोली जा रही है। जिससे आम जन उपभोक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यहाँ के लोग शादी विवाह एवं महोत्सवों के समय भी सारे खुशियों के कार्यक्रम छोड़ कर देर रात्रि में पानी भरने पर मजबूर होते है। इंदौरिया ने विभागीय अधिकारी को पत्र प्रेषित कर वार्ता की है, की अतिशीघ्र इस समस्या का समाधान किया जावे। अधिशाषी अभियंता ने आने वाले दस दिनों में सप्लाई का समय निश्चित एवं निर्धारित कर लोगो को राहत प्रदान करने का आश्वासन दिया है।