एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया ने Q4 FY26 में दर्ज किया अब तक का सबसे अधिक तिमाही राजस्व

डी. के. सैनी

जयपुर (नवयत्न)। एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही के नतीजों की घोषणा करते हुए अब तक का सबसे अधिक तिमाही राजस्व दर्ज किया है। कंपनी का Q4 FY26 में संचालन से राजस्व 80.54 बिलियन रुपए रहा, जो पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 8.1 प्रतिशत अधिक है। वहीं कंपनी का एबिटडा 9.45 बिलियन रुपए और एबिटडा मार्जिन 11.7 प्रतिशत रहा। कर पश्चात लाभ (PAT) 6.93 बिलियन रुपए दर्ज किया गया।

कंपनी के अनुसार यह मजबूत प्रदर्शन सभी उत्पाद श्रेणियों में मांग बढ़ने और प्रीमियम उत्पादों की मजबूत बिक्री के कारण संभव हुआ। लार्ज पैनल टीवी, फ्रेंच-डोर रेफ्रिजरेटर, फुली ऑटोमैटिक वॉशिंग मशीन और 5-स्टार एयर कंडीशनर की मांग में विशेष बढ़ोतरी दर्ज की गई।

पूरे वित्त वर्ष FY26 में कंपनी का संचालन से कुल राजस्व 246.05 बिलियन रुपए रहा, जो सालाना आधार पर 1 प्रतिशत अधिक है। हालांकि रुपये में गिरावट और कमोडिटी की बढ़ती कीमतों के कारण एबिटडा मार्जिन पर दबाव रहा, लेकिन कंपनी ने लागत नियंत्रण, स्थानीयकरण और परिचालन दक्षता के जरिए सुधार की उम्मीद जताई है।

कंपनी ने बताया कि उसके विनिर्माण संयंत्रों ने हिंदुजा रिन्यूएबल एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड और सनश्योर एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के साथ दीर्घकालिक सौर ऊर्जा खरीद समझौते किए हैं। यह कंपनी की देश में पहली कैप्टिव नवीकरणीय ऊर्जा परियोजना है।

बी-टू-बी सेगमेंट में इंफॉर्मेशन डिस्प्ले बिजनेस ने भी मजबूत वृद्धि दर्ज की। वहीं एचवीएसी सेगमेंट में कंपनी वेरिएबल रेफ्रिजरेंट फ्लो और कैसेट एसी पोर्टफोलियो का विस्तार कर रही है। कंपनी के उन्नत एचवीएसी समाधान हाल ही में उद्घाटित प्रधानमंत्री कार्यालय भवन में भी लगाए गए हैं।

कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर होंग जू जियोन ने कहा कि चुनौतीपूर्ण वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद कंपनी ग्राहक-केंद्रित और विकास-उन्मुख रणनीति के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि ‘मेक-इन-इंडिया, मेक-फॉर-इंडिया और मेक-इंडिया-ग्लोबल’ रणनीति के तहत कंपनी की नई एसेंशियल सीरीज अब FY27 में 22 देशों में निर्यात की जाएगी।

You might also like