महावीर इंटरनेशनल ने बागड़ी जिला चिकित्सालय को भेंट किए 200 बेबी किट
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। महावीर इंटरनेशनल नोखा वीर केंद्र की ओर से मातृत्व एवं शिशु संरक्षण वात्सल्य कार्यक्रम के तहत मंगलवार को राजकीय बागड़ी जिला चिकित्सालय में नवजात शिशुओं के लिए 200 हाईजेनिक बेबी किट भेंट किए गए। महावीर इंटरनेशनल के वीर ईश्वरचन्द दुगड़ ने बताया कि ये बेबी किट चिकित्सालय प्रभारी डॉ. सुनील बोथरा को सौंपे गए। वीर लक्ष्मीकांत राठी ने कहा कि हाईजेनिक बेबी किट नवजात शिशुओं को संक्रमण से बचाने में उपयोगी हैं। केंद्र सचिव बाबूलाल कांकरिया ने बताया कि चिकित्सालय की मांग के अनुसार महावीर इंटरनेशनल नोखा केंद्र द्वारा हर माह नियमित रूप से हाईजेनिक बेबी किट उपलब्ध करवाए जाते हैं। महावीर इंटरनेशनल नोखा केंद्र के स्वास्थ्य एवं शिविर प्रभारी भंवरलाल पींचा ने बताया कि सितंबर माह के 200 बेबी किट माणकचंद देवकिशन राठी परिवार के आर्थिक सौजन्य से भेंट किए गए हैं। उन्होंने बताया कि संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद माताओं एवं नवजात शिशुओं को आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाकर स्वास्थ्य संरक्षण में सहयोग करना है। इस अवसर पर महावीर इंटरनेशनल के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेन्द्रसिंह राठौड़, केंद्र चेयरमैन वीर सुरेन्द्रकुमार हीरावत, डॉ. म.पी. तिवाड़ी, मोहनलाल पारख, रामेश्वरलाल छींपा, विजयकुमार पारख, मोहनलाल बुच्चा, डॉ. अर्जुन कुमावत, बस्तीराम विश्नोई, नर्सिंगकर्मी मीरा व पूनम सहित प्रसूति विभाग के स्टाफ एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बागड़ी जिला चिकित्सालय के प्रसूति विभाग प्रभारी प्रज्ञा बारूपाल ने महावीर इंटरनेशनल नोखा केंद्र द्वारा प्रतिमाह किए जा रहे इस सेवा कार्य की सराहना की तथा संस्था का आभार व्यक्त किया।