महिला चला रही थी रैकेट,पुलिस ने किया गिरफ्तार,आरोपी का बेटा भी है 10-12 मुकदमे के चलते जेल में
श्रीगंगानगर,(गुरविंदर शर्मा)30 मई। केसरीसिंहपुर कस्बे में मेडिकेटेड नशे के एक रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। इस रैकेट की सरगना अधेड़ उम्र की एक महिला को पुलिस ने आज दोपहर छापा मारकर भारी मात्रा में नशीली गोलियों सहित गिरफ्तार कर लिया। महिला का पुत्र लगभग दो महीने से नशा बेचने के आरोप में जेल में बंद है। केसरीसिंहपुर के थाना प्रभारी सुरेंद्र पूनिया ने बताया कि एक सूचना के आधार पर वार्ड नंबर 4 में छापा मारकर पूनम (48) को गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से ट्रामाडोल साल्ट की 2500 नशीली गोलियां बरामद हुईं। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है, जिसकी आगे जांच पदमपुर थाना प्रभारी अलका विश्नोई को सौंपी गई है। थानाप्रभारी सुरेंद्र पूनिया ने बताया कि नशीली गोलियों की बाबत पूछताछ में पूनम ने बताया कि यह गोलियां कल इसी इलाके में पकड़े गए युवकयोगराज (19) निवासी चक 18-एस ने सप्लाई की थीं।
उल्लेखनीय है कि केसरीसिंहपुर पुलिस ने कल देर शाम को योगराजसिंह सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया,जिनके कब्जे से 8750 नशीली गोलियां बरामद हुई थीं।
युवराज के मां ने संभाली, गिरफ्तार
अलावा पकड़े गए तीन अन्य लोगों में बीकानेर जिले में कोलायत थाना क्षेत्र के गांव बज्जू खालसा निवासी सत्यव्रत और उसका नाबालिग भाई तथा कोलायत थाना क्षेत्र के गांव फूलासर निवासी मनीष शामिल हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि तीनों पिकअप वाहन में युवराज को नशीली गोलियां देने आए थे इनके द्वारा लाई गई नशीली गोलियों की खेप में से 2500 गोलियां युवराज ने आगे पूनम को सप्लाई की थीं। उन्होंने बताया कि पूनम का पुत्र किशन उर्फ किच्छू लगभग 2 महीने पहले नशीला पदार्थ हेरोइन (चिट्टा) बेचते पकड़ा गया था, जो कि न्यायिक हिरासत में है। किशन अव्वल दर्जे का वाहन चोर भी है। उस पर मोटरसाइकिल चोरी के
10-12 मुकदमे चल रहे हैं।
योगराज, सत्यव्रत और मनीष तथा बाल अपचारी के पकड़े जाने के मामले की जांच भी पदमपुर थाना प्रभारी अलका बिश्नोई द्वारा की जा रही है। बाल अपचारी को किशोर न्याय बोर्ड के प्रिंसिपल के समक्ष पेश करने पर सुधार गृह भेज दिया गया। बाकी तीन युवकों और पूनम का पूछताछ के लिए रिमांड मिला है। खास बात यह है कि मेडिकेटेड नशा बेचने के आरोप में गिरफ्तार की गई पूनम पुलिस के एक रिटायर्ड थानेदार की पत्नी है। वह काफी समय से पति से अलग केसरीसिंहपुर में चार पुत्रों और एक पुत्री के साथ रह रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि काफी समय से सूचना मिल रही थी कि पूनम और उसके परिवार की एक-दो महिलाएं नशीले पदार्थ बेचने का रैकेट चला रही हैं। इस परिवार पर गोपनीय नजर रखी हुई थी। पूनम आज पकड़ में आ गई। परिवार की अन्य महिलाओं के भी नशे के धंधे में लिप्त होने की आशंका है। उनकी भी जांच पड़ताल की जा रही है।