टेंट गोदाम में लगी भीषण आग: 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया धुएं का गुबार
निसं
जयपुर (नवयत्न)। मुहाना इलाके में मंगलवार शाम एक टेंट गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देख आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। धुआं करीब पांच किलोमीटर दूर से दिखाई देने लगा। सूचना पर पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल की दो गाड़ियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार शाम करीब सवा चार बजे टेंट गोदाम से धुआं उठता देखकर वहां काम कर रहे लोगों ने शोर मचाया। इसके बाद आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और नियंत्रण कक्ष को आग लगने की सूचना दी। आग के दौरान गोदाम में कुछ लोगों के फंसे होने की जानकारी सामने आई, लेकिन राहत की बात रही कि सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग से हुए नुकसान का आकलन भी किया जाना है।