लंबे समय के बाद मेडिकेयर रिलीफ सोसायटी की बैठक, मृतक की पत्नी को दिया अस्थाई नियुक्ति पत्र
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । राजलदेसर कस्बे में लंबे समय से लंबित मेडिकेयर रिलीफ सोसायटी की बैठक बुधवार को चिकित्सा परिसर में आयोजित की गई। बैठक में उपखंड अधिकारी मिथिलेश कुमार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा, ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष शर्मा, चिकित्सा प्रभारी डॉ. कपिल धाबाई , सीनियर लैब टेक्नीशियन कैलाश राजपुरोहित, नर्सिंग स्टाफ विवेक सैनी, चैन रूप भाटिया, राजेंद्र धायल एवं चिकित्सालय के अकाउंटेंट सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
कुछ दिन पूर्व समाचार पत्रों में प्रकाशित खबर में मेडिकेयर रिलीफ सोसायटी के खाते में 40 लाख रुपये से अधिक राशि होने के बावजूद 20 रुपये का बल्ब एवं दवाई लाने के लिए 7 हजार रुपये तक उपलब्ध नहीं होने का मामला सामने आया था। खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और बुधवार को बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने लिखित आदेश जारी करते हुए कहा कि अस्पताल की आवश्यकताओं के अनुसार धनराशि खर्च की जाए तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार किया जाए। साथ ही चूरू से आवश्यक दवाइयां मंगवाने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा बारिश से पूर्व चिकित्सा परिसर की टूटी हुई दीवार के निर्माण को लेकर विधायक एवं नगर पालिका से वार्ता कर कार्य करवाने पर चर्चा की गई। वहीं राजलदेसर युवा विकास समिति की ओर से चिकित्सा परिसर में भामाशाहों के सहयोग से ठंडा, गर्म एवं सादा पानी उपलब्ध करवाने के लिए प्याऊ लगाने का प्रस्ताव समिति के उपमंत्री शिव भगवान सोनी द्वारा रखा गया, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने वर्तमान गर्मी के मौसम को देखते हुए चिकित्सालय में कूलर, एयर कंडीशनर एवं साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही कुछ दिन पूर्व रामूराम भाट की चिकित्सकीय लापरवाही के कारण हुई मृत्यु के मामले में उनकी धर्मपत्नी को मेडिकेयर रिलीफ सोसायटी के माध्यम से संविदा पर नियुक्ति देने के लिए अस्थाई नियुक्ति पत्र उपखंड अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा परिजनों को सौंपा गया।
इस अवसर पर कामरेड भादर भामू, श्रवण बारूपाल, कालूराम तंवर, युवा नेता सांवरमल ढाका सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।