प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक, 77 सुपरवाइजर और 451 प्रगणकों को दिया जाएगा प्रशिक्षण 

निसं 

खेतड़ी (नवयत्न) । तहसील में जनगणना की तैयारियां तेज हो गई हैं। खेतड़ी के स्वामी विवेकानंद राजकीय महाविद्यालय में जनगणना कार्य के लिए प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से बैठक की गई। इस दौरान सुपरवाइजर एवं प्रगणकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया। यह कार्यक्रम तहसील प्रशासन के निर्देशन में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें अधिकारियों द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को जनगणना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी जा रही है।

प्रशिक्षण के दौरान एसडीएम सुनील कुमार चौहान ने बताया कि खेतड़ी तहसील में कुल 77 सुपरवाइजर और 451 प्रगणकों की नियुक्ति की गई है। इन सभी को 13 बैचों में बांटकर प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रत्येक बैच को दो से चार दिनों का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि सभी कर्मियों को जनगणना प्रक्रिया की पूरी समझ हो सके। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 12 मई तक चलेगा। प्रशासन के अनुसार जनगणना 2027 के तहत एक मई से 15 मई तक गणना का प्रारंभिक कार्य किया जाएगा, जबकि 16 मई से 14 जून तक मकान सूचीकरण का कार्य संपन्न होगा। अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि जनगणना कर्मियों को सही एवं पूरी जानकारी उपलब्ध करवाएं, ताकि आंकड़े सटीक रूप से संकलित किए जा सकें। एसडीएम चौहान ने बताया कि जनगणना कर्मी किसी प्रकार का ओटीपी या निजी जानकारी फोन पर नहीं मांगेंगे। नागरिकों से कहा गया है कि वे केवल अधिकृत पहचान पत्र देखने के बाद ही जानकारी साझा करें। प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए जनगणना कार्य को सफल बनाने का आह्वान किया है। इसके अलावा अपनी महत्वपूर्ण जानकारी किसी को साझा नहीं करने की अपील की है। इस मौके पर तहसीलदार सुनील कुमार मील, रामनिवास सैनी, अजय कुमार, दिनेश कुमार, ओमप्रकाश सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे।

You might also like