ग्राम रथ बना योजनाओं का सेतु, नाट्य प्रस्तुतियों से गांव-गांव में जागी जागरूकता

सुभाष वर्मा

तारानगर (नवयत्न)। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित ग्राम रथ अभियान गांवों में जागरूकता का प्रभावी माध्यम बन रहा है। ग्राम रथ के माध्यम से राज्य सरकार के 13 विभागों से संबंधित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी गांव के अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति तक पहुंचाई जा रही है। नाट्य प्रस्तुतियों, गीतों एवं संवादों के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया जा रहा है, जिससे आमजन में योजनाओं के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ रही है।

 

झाड़सर कांधलान पहुंचने पर ग्राम रथ का ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा फूल बरसाकर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर भाजपा विधानसभा प्रभारी अजीत सिंह राठौड़, जिला उपाध्यक्ष नरेश सहारण, पूर्व सरपंच लीलाधर बागोरिया सहित ग्रामीण भीम सिंह माहिच, श्रीचंद छापरवाल, हुकमा राम कस्वां, धनपत राम धायल, काशीराम धायल, पूर्णाराम काला, राजेन्द्र सिंह राठौड़, मनफूल सींवर एवं दलाराम मौजूद रहे।

 

इस अवसर पर भाजपा विधानसभा प्रभारी अजीत सिंह राठौड़ ने कहा कि भाजपा सरकार की मंशा है कि गांव के अंतिम पंक्ति में बैठे पात्र व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचे। उन्होंने बताया कि सरकार ने जनकल्याणकारी योजनाओं को पारदर्शी और सरल बनाते हुए डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण) के माध्यम से गरीब, किसान, मजदूर एवं जरूरतमंद परिवारों के खातों में सीधा लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। इससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है और पात्र व्यक्तियों को समय पर सहायता मिल रही है।

 

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गरीब कल्याण को प्राथमिकता देते हुए समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ग्राम रथ अभियान इसी सोच का हिस्सा है, जिसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को योजनाओं की जानकारी देकर अधिकाधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

 

ग्रामीणों ने ग्राम रथ अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता अभियान से आमजन को सरकार की योजनाओं की सही जानकारी मिल रही है, जिससे पात्र परिवारों को लाभ लेने में सुविधा होगी।

You might also like