गौशाला में वृक्षारोपण महाअभियान का शुभारंभ, 1100 से अधिक लगाएं जाएंगे पेड़-पौधे
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति संवर्धन के उद्देश्य से श्री राजलदेसर गौशाला द्वारा सोमवार को वृक्षारोपण महाअभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के पहले ही दिन उत्साहपूर्ण वातावरण में गौशाला के खेत मे 300 से अधिक पेड़ लगाएं गए । 1100 से अधिक पेड़ पौधे गौशाला परिसर में लगाए जाएंगे । कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तहसीलदार हरदीप सिंह ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की सुंदरता ही नहीं बढ़ाते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, जल संरक्षण और संतुलित पर्यावरण का आधार भी हैं।कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डॉ. हीरालाल सोनी ने कहा कि गौशाला द्वारा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किया जा रहा यह अभियान अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों का नियमित संरक्षण और पालन-पोषण भी सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर गौशाला के मंत्री ललित दाधीच ने बताया कि महाअभियान के तहत आगामी दिनों में भी बड़ी संख्या में पौधे लगाए जाएंगे तथा उनके संरक्षण की समुचित व्यवस्था की जाएगी। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र को अधिक से अधिक हराभरा बनाना और लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करना है।कार्यक्रम में गौशाला के रतनलाल बारुपाल , मुकेश श्री माल , परमेश्वर फोगला , शिवभगवान सोनी, राधेश्याम पांडे , गणेश , कालूराम भार्गव , जयदेव गुर्जर सहित अन्य गौशाला के कार्यकर्ता व कर्मचारी उपस्थित रहे ।