पालिका अधिशासी अधिकारी को दिया ज्ञापन, मूलभूत सुविधाओं को सुचारू करने की मांग
विजेन्द्र सिंह लमोरिया
चिड़ावा (नवयत्न) । नगरपालिका के नए अधिशासी अधिकारी गौतम शर्मा को भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष संतोष कुमार सैनी और पार्षद लोकेश कटारिया के नेतृत्व में एक ज्ञापन सौंपा गया। इस ज्ञापन में शहर की सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट और पेयजल सहित विभिन्न नागरिक सुविधाओं को सुधारने की मांग की गई है। ज्ञापन में वार्ड एक, सांखला चौक, गोगाजी की ढाणी में नगर पालिका द्वारा लगाए गए ट्यूबवेल की पानी की मोटर के बार-बार खराब होने का मुद्दा उठाया गया। मांग की गई कि इसे स्थाई रूप से ठीक करवाया जाए। इसके अतिरिक्त, गर्मी के मौसम को देखते हुए वार्ड नंबर 1, 2 और 3 में आम जनता के लिए पानी के टैंकरों की व्यवस्था करने की भी अपील की गई ताकि लोगों को राहत मिल सके। शहर में सफाई व्यवस्था को सुचारू रूप से लागू करने की मांग की गई। धाबाई टेकड़े से लेकर बावलिया बाबा मंदिर के मुख्य द्वार बाईपास तक खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक करवाने पर भी जोर दिया गया। बावलिया बाबा मंदिर मार्ग पर गायत्री मंदिर के सामने टूटी सड़क और नंदी गौशाला के सामने टूटे फेरोकवर को भी ठीक करवाने की मांग की गई क्योंकि बारिश के मौसम में ये बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। अधिशासी अधिकारी गौतम शर्मा ने ज्ञापन लेने के बाद आश्वासन दिया कि जल्द से जल्द सभी समस्याओं का समाधान करवाया जाएगा। ज्ञापन सौंपते समय संदीप सैनी सांखला, कुलदीप कटारिया, पवन सैनी मिस्त्री, बाबूलाल मास्टर, महेंद्र स्वामी, रामकिशन सांखला, बाबूलाल स्वामी, राजेश सैनी, संजय माखरिया, बच्चन सिंह आदि मौजूद रहे।