विश्व उच्च रक्तचाप दिवस पर योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश
सुरेंद्र शर्मा
झुंझुनू (नवयत्न) । विश्व उच्च रक्तचाप दिवस के अवसर पर आज झुझार सिंह पार्क मे आयोजित योग कक्षा में पतंजलि योग समिति राजस्थान पूर्वी क्षेत्र के राज्य प्रभारी एवं वरिष्ठ योग शिक्षक पवन कुमार ने उपस्थित साधकों को उच्च रक्तचाप के कारण, बचाव एवं योग के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में अनियमित दिनचर्या, तनाव, गलत खानपान और शारीरिक गतिविधियों की कमी के कारण उच्च रक्तचाप तेजी से बढ़ रहा है। यदि समय रहते सावधानी नहीं बरती जाए तो यह हृदय रोग, स्ट्रोक एवं अन्य गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है।
उन्होंने नियमित योगाभ्यास, प्राणायाम, ध्यान एवं संतुलित आहार को उच्च रक्तचाप नियंत्रण का प्रभावी माध्यम बताया। योग कक्षा में अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, कपालभाति एवं ध्यान का अभ्यास भी करवाया गया।
उन्होंने सभी लोगों से नियमित रक्तचाप जांच कराने, तनावमुक्त जीवन अपनाने तथा प्रतिदिन योग करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित रामनिवास जिनोलिया, संजय अग्रवाल, नीति कुमारी, सरिता देवी, संतोष कँवर, शकुंतला देवी, रजनी जिनोलिया, सुमित्रा खालिया, सावित्री सैनी, सुमन, प्रीति शर्मा, प्रेम पुनिया, भगीरथ सोहु, राजेंद्र कुमावत, मनीराम खालिया, मनीष अग्रवाल, विनोद शर्मा, जीतेन्द्र टीबड़ा, कमल मरू आदि साधकों ने योग एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी को उपयोगी बताते हुए नियमित योग करने का संकल्प लिया।