मनरेगा कर्मचारियों नियुक्ति प्रक्रिया लंबित, शीघ्र पूरा करने की मांग

श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न) । मनरेगा कार्मिकों ने सोमवार को सहायक विकास अधिकारी राजेश व्यास को सामूहिक हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन सौंपा। इसमें राज्य सरकार से नियमितीकरण की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने की मांग की गई। कार्मिक लंबे समय से अपनी नियुक्ति प्रक्रिया लंबित होने से परेशान हैं। ज्ञापन में बताया गया कि मनरेगा कार्मिक पिछले 15 वर्षों से अधिक समय से अल्प मानदेय पर संविदा व्यवस्था में सेवाएं दे रहे हैं। इतने लंबे समय तक विभागीय कार्यों का निर्वहन करने के बावजूद उन्हें नियमित कर्मचारियों का दर्जा नहीं मिल पाया है।
नौ वर्ष या उससे अधिक अवधि तक दस्तावेज सत्यापन पूरा
कार्मिकों ने जानकारी दी कि ‘राजस्थान कॉन्ट्रेक्चुअल हायरिंग टू सिविल पोस्ट्स रूल्स-2022’ के तहत नौ वर्ष या उससे अधिक अवधि तक कार्यरत कार्मिकों का दस्तावेज सत्यापन पूरा हो चुका है। इसके अतिरिक्त, नियमितीकरण के लिए 4,966 पदों के सृजन की प्रशासनिक स्वीकृति भी जारी हो चुकी है। इन स्वीकृतियों के बावजूद नियुक्ति प्रक्रिया अभी भी लंबित है। कार्मिकों ने सरकार से शीघ्र नियमित पदों पर नियुक्ति आदेश जारी करने का आग्रह किया, ताकि वर्षों से सेवा दे रहे इन कर्मचारियों को राहत मिल सके।
ये रहे मौजूद
इस दौरान मनरेगा कर्मचारी संघ के ब्लॉक अध्यक्ष प्रशांत कुमार, एमआईएस मैनेजर राखी शर्मा, लेखा सहायक रामसिंह राठौड़, बिंदू पंवार, भास्कर पारीक, कंप्यूटर ऑपरेटर उदय गोदारा,ओमप्रकाश, जेठाराम, कनिष्ठ तकनीकी सहायक हर्षवीर चौधरी, सहीराम, मनोज कुमार, बजरंगलाल, विजयपाल और लक्ष्मीनारायण सहित बड़ी संख्या में मनरेगा कार्मिक उपस्थित रहे।

 

You might also like