स्कूटी के आगे रखा 20 लाख से भरा बैग लेकर भागे बदमाश
निसं
जयपुर (नवयत्न)। राजधानी के नाहरगढ़ थाना इलाके में सोमवार देर शाम 20 रुपए की कचौरी खाने के लिए रुके एक व्यापारी के 20 लाख रुपए से भरे बैग पर बदमाशों ने हाथ साफ कर दिया। व्यापारी स्कूटी पर बैठकर कचौरी खा रहा था और रुपयों से भरा बैग स्कूटी के आगे रखा हुआ था। इसी दौरान स्कूटी पर सवार होकर आए दो बदमाश बैग उठाकर फरार हो गए। व्यापारी ने शोर मचाते हुए बदमाशों का पीछा किया। आवाज सुनकर स्थानीय लोग भी उनके पीछे दौड़े, लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए। वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।
रैकी कर वारदात को दिया अंजाम
नाहरगढ़ थाना अधिकारी भंवर सिंह के अनुसार व्यापारी चंपालाल माणक चौक क्षेत्र से लेकर नाहरगढ़ थाना इलाके तक कलेक्शन का काम करता है। सोमवार को वह कलेक्शन के सिलसिले में निकला था। वारदात वाली जगह पर भी उसे कलेक्शन करना था। इसी दौरान वह कचौरी खाने के लिए रुका और 20 लाख रुपए से भरा बैग स्कूटी के आगे रख दिया। आरोप है कि पहले से रेकी कर रहे स्कूटी सवार दो बदमाशों ने मौका देखकर बैग उठाया और फरार हो गए।
हेलमेट पहने थे दोनों बदमाश
वारदात के समय दोनों आरोपियों ने हेलमेट पहन रखा था। इस कारण सीसीटीवी फुटेज में उनके चेहरे साफ नजर नहीं आ रहे हैं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकाबंदी करवाई। लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पीड़ित चंपालाल की शिकायत पर मंगलवार को नाहरगढ़ थाने में मामला दर्ज किया गया। डीसीपी नॉर्थ करण शर्मा ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश में दबिश दी जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।