सेना भर्ती रैली में 90 फीसदी से अधिक अभ्यर्थी पहुंचे
निसं
जयपुर (नवयत्न) । सेना भर्ती कार्यालय, कोटा की ओर से 19 जिलों के युवाओं के लिए महाराणा प्रताप खेल गांव स्टेडियम, उदयपुर में आयोजित सेना भर्ती रैली 25 जुलाई से 11 अगस्त तक चली। रैली में 90 प्रतिशत से अधिक अभ्यर्थियों की उपस्थिति रही। युवाओं ने उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लिया।
भर्ती रैली में अभ्यर्थियों के ड्रग टेस्ट भी किए गए, ताकि शारीरिक परीक्षण में प्रदर्शन बढ़ाने के लिए किसी अनुचित साधन के इस्तेमाल की जांच की जा सके। साथ ही दलालों और अन्य बेईमान तत्वों से अभ्यर्थियों को बचाने के लिए कड़े दलाली विरोधी उपाय किए गए।
मुख्यालय भर्ती क्षेत्र, जयपुर ने रैली के सफल आयोजन और अभ्यर्थियों के लिए व्यवस्थाएं करने में सहयोग के लिए नागरिक प्रशासन का आभार जताया।
जनसंपर्क अधिकारी (रक्षा), जयपुर लेफ्टिनेंट कर्नल निखिल धवन के अनुसार अब 1 सितंबर 2026 से जोधपुर में प्रस्तावित अगली भर्ती रैली में भी इसी तरह की सकारात्मक भागीदारी की उम्मीद है।
मुख्यालय भर्ती क्षेत्र ने बताया कि ऑनलाइन भर्ती परीक्षा (सीईई) शुरू होने के बाद भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हुई है। ऐसे में अभ्यर्थियों को बिचौलियों के झांसे में नहीं आना चाहिए और अपनी तैयारी पर भरोसा रखते हुए उत्साह व जुनून के साथ भर्ती रैली में शामिल होना चाहिए।