झुंझुनूं के सड़क प्रोजेक्ट्स पर गडकरी से मिले सांसद ओला, पचेरी-झुंझुनूं एनएच सहित कई प्रस्तावों पर हुई चर्चा

सुरेंद्र शर्मा
झुंझुनूं (नवयत्न)। झुंझुनूं सांसद बृजेंद्र सिंह ओला ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर लोकसभा क्षेत्र की प्रमुख सड़क परियोजनाओं को जल्द शुरू कराने की मांग रखी। बैठक में पचेरी-झुंझुनूं (वाया सिंघाना-चिड़ावा-बगड़) राष्ट्रीय राजमार्ग-11 सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर चर्चा हुई।

सांसद के अनुसार केंद्रीय मंत्री ने फोरलेन बनाने का कार्य शीघ्र शुरू कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया की पचेरी-झुंझुनूं राष्ट्रीय राजमार्ग-11 के फोरलेन निर्माण की डीपीआर और वित्तीय स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है, लेकिन निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हुआ। इससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने परियोजना का काम तत्काल शुरू कराने का आग्रह किया।

मंडावा-रामगढ़ मार्ग के चौड़ीकरण की भी मांग
ओला ने मंडावा-रामगढ़ (वाया नांगली) एमडीआर-234 के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण को केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि (सीआरआईएफ) योजना में शामिल कर जल्द निर्माण शुरू कराने की मांग भी रखी।

फतेहपुर के लिए रिंग रोड का प्रस्ताव
सांसद ने फतेहपुर शेखावाटी शहर के पूर्वी और दक्षिणी हिस्से में रिंग रोड बनाने का प्रस्ताव भी रखा। उनका कहना था कि यह रिंग रोड राष्ट्रीय राजमार्ग-11, 52 और 58 से जुड़ेगी, जिससे शहर में ट्रैफिक जाम और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी।

एसएच-13 को राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने की मांग
बैठक में राजगढ़-पिलानी (एनएच-709ई) और एनएच-11 को जोडऩे वाले स्टेट हाईवे-13 को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित कर फोरलेन विकसित करने का मुद्दा भी उठाया गया। सांसद ने कहा कि इससे पिलानी, चिड़ावा और झुंझुनूं क्षेत्र को बेहतर सडक़ संपर्क मिलेगा और व्यापार, शिक्षा, चिकित्सा व औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

लक्ष्मणगढ़-फतेहपुर-रतनगढ़ फोरलेन का मुद्दा भी उठाया
ओला ने लक्ष्मणगढ़-फतेहपुर-रतनगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग खंड एनएच 52 और एनएच 11 को शीघ्र फोरलेन बनाने की मांग करते हुए कहा कि यह सीकर, झुंझुनूं, चूरू, बीकानेर, गंगानगर और हनुमानगढ़ को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। दो लेन होने के कारण यहां लगातार दुर्घटनाएं होती हैं, इसलिए इसे जल्द फोरलेन बनाया जाना जरूरी है।

सडक़ संपर्क मजबूत होगा, विकास को मिलेगी रफ्तार
सांसद ओला ने कहा कि इन सभी परियोजनाओं के पूरा होने से झुंझुनूं लोकसभा क्षेत्र और पूरे शेखावाटी में सडक़ संपर्क बेहतर होगा। इससे दुर्घटनाओं में कमी आएगी, आवागमन आसान होगा और व्यापार, उद्योग, शिक्षा, पर्यटन व क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।
फोटो-26
——————

You might also like