मानसून में सफाई पर निगम का फोकस : 4 हजार 455 सफाईकर्मी संभालेंगे मोर्चा
निसं
जयपुर (नवयत्न)। मानसून के दौरान स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने और मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए नगर निगम जयपुर 25 अगस्त से 7 सितम्बर तक स्वच्छ जयपुर-स्वस्थ जयपुर थीम पर छह चरणों में सघन सफाई अभियान चलाएगा। निगम आयुक्त ओम कसेरा के निर्देश पर होने वाले अभियान में कुल 4 हजार 455 सफाई कर्मी तैनात किए जाएंगे। अभियान के तहत 25 अगस्त को सांगानेर व मानसरोवर, 27 अगस्त को जगतपुरा, झालाना व मालवीय नगर, 1 सितम्बर को विद्याधर नगर व मुरलीपुरा, 3 सितम्बर को झोटवाड़ा व वैशाली नगर, 5 सितम्बर को सिविल लाइन तथा 7 सितम्बर को आदर्श नगर जोन में सफाई अभियान चलेगा। प्रत्येक निर्धारित दिन सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक सफाई कार्य किया जाएगा। अभियान से पहले वार्डवार निरीक्षण कर गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट और अन्य गंदगी वाले स्थानों को चिह्नित किया जाएगा। यहां जमा कचरा व मलबा हटाने के साथ सड़क किनारे, डिवाइडर, मेडियन और सार्वजनिक स्थलों की भी गहन सफाई होगी। अभियान में निर्माण एवं विध्वंस मलबा हटाने पर भी विशेष जोर रहेगा। संबंधित संवेदकों को अभियान दिवस पर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे। मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए जरूरत के अनुसार फॉगिंग, एंटी-लार्वा और कीटनाशक दवाओं का छिड़काव भी कराया जाएगा। संबंधित स्वास्थ्य निरीक्षक मौके पर रहकर सफाई कार्य की निगरानी करेंगे। अभियान से पहले और बाद की सफाई की फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। वार्डवार अधिकारी-कर्मचारी अभियान की लगातार मॉनिटरिंग भी करेंगे।