नगरपालिका प्रभारी बागड़ा ने कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुनाव को लेकर दिए निर्देश
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । नगरपालिका चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा के राजलदेसर नगरपालिका प्रभारी ओमप्रकाश बागड़ा ने कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की और आगामी चुनाव को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में बागड़ा ने कहा कि नगरपालिका चुनाव कार्यकर्ताओं का चुनाव है और प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ प्रत्येक वार्ड में जनसंपर्क अभियान को मजबूत करने का आह्वान किया। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने की बात कही। उन्होंने कहा कि नगरपालिका चुनाव में भाजपा का लक्ष्य सुशासन, पारदर्शिता, विकास और जनसेवा को प्राथमिकता देना है। कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर आमजन की समस्याओं को सुनें तथा उन्हें संगठन के माध्यम से उचित मंच तक पहुंचाने का प्रयास करें।बागड़ा ने कहा कि चुनाव में सफलता के लिए सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ सक्रिय रहें। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के आशीर्वाद से नगरपालिका में भाजपा का मजबूत बोर्ड बनेगा और शहर के विकास को नई गति मिलेगी। बैठक में भाजपा के पदाधिकारी, मंडल एवं वार्ड स्तर के कार्यकर्ता तथा विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी मौजूद रहे।