नगर पालिका को मिला नया अधिशासी अधिकारी, सीताराम मीणा ने संभाला पदभार

ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । लंबे समय से अधिशासी अधिकारी (ईओ) के पद पर नियमित अधिकारी का इंतजार कर रही राजलदेसर नगर पालिका को आखिरकार नया अधिशासी अधिकारी मिल गया सीताराम मीणा ने सोमवार को राजलदेसर नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर विधिवत पदभार ग्रहण किया। उनके कार्यभार संभालते ही कस्बेवासियों में गाँव की मूलभूत समस्याओं के समाधान को लेकर नई उम्मीद जगी है।पदभार ग्रहण करने के बाद अधिशासी अधिकारी सीताराम मीणा ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता कस्बे में साफ-सफाई व्यवस्था को मजबूत करना, जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान, नियमित कचरा संग्रहण, नालों की सफाई तथा आमजन को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना रहेगी। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा, ताकि कस्बेवासियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। इसके लिए नगर पालिका स्तर पर पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य किया जाएगा तथा पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। सीताराम मीणा ने कहा कि नगर पालिका आमजन की संस्था है और प्रत्येक नागरिक की समस्या को गंभीरता से सुना जाएगा। लोगों की शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कस्बेवासियों से भी अपील की कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए वे नगर पालिका का सहयोग करें तथा स्वच्छता बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने यह भी कहा कि कस्बे की सड़कें, स्ट्रीट लाइट , सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता, के रखरखाव और अन्य आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा। नगर पालिका की सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने के लिए कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित कर टीम भावना से कार्य किया जाएगा। कस्बेवासियों को उम्मीद है कि नए अधिशासी अधिकारी के नेतृत्व में नगर पालिका की कार्यप्रणाली में गति आएगी और लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होगा। साथ ही विकास कार्यों में तेजी आने तथा नागरिक सुविधाओं में सुधार देखने को मिलेगा।

You might also like