हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, मुख्य आरोपी अकरम गिरफ्तार

अभिषेक कुमावत

झुंझुनूं/चिड़ावा ( नवयत्न ) । जिले के बामनवास गांव में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी अकरम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर भरोसा मजबूत हुआ है।
पुलिस के अनुसार, 29 मार्च 2026 की रात करीब 9 बजे बामनवास निवासी 45 वर्षीय उदयवीर सिंह गांव के चौक में मौजूद थे। इसी दौरान आरोपी अकसर पुत्र निसार जाति काजी निवासी बामनवास ने अचानक चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल उदयवीर सिंह को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। प्रकरण के शीघ्र खुलासे के लिए 9 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।

तेजी से जुटाए साक्ष्य

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के 200-250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी की पहचान सुनिश्चित की गई। इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में कार्रवाई
पूरे मामले की निगरानी जयपुर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस, झुंझुनूं पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की गई। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
हत्या का मामला दर्ज, जांच जारी

इस संबंध में पुलिस थाना चिड़ावा में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। आरोपी से घटना के कारणों को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हत्या के पीछे की पूरी वजह का खुलासा कर दिया जाएगा।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरे ऑपरेशन में डीएसटी टीम, थाना चिड़ावा पुलिस एवं अन्य विशेष टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की तत्परता और समन्वय की सराहना की है।

You might also like