सिंघाना के नमन भार्गव ने राज्य स्तरीय कराटे में जीता कांस्य पदक

निसं
सिंघाना (नवयत्न)। सिंघाना के खिलाड़ी नमन भार्गव ने राज्य स्तरीय कराटे चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। बुधवार को जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने नमन को माला पहनाकर सम्मानित किया और उनकी उपलब्धि की सराहना की। कोच अभिषेक राजोरा ने बताया कि सिंघाना निवासी दिनेश कुमार भार्गव के पुत्र नमन ने 70वीं एसजीएफआई राज्य स्तरीय कराटे चैंपियनशिप-2026 में यह उपलब्धि हासिल की। श्रीगंगानगर में 30 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आयोजित प्रतियोगिता में नमन ने अंडर-17 आयु वर्ग के 62 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीता। जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने नमन का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलों में सफलता के लिए मेहनत और अनुशासन जरूरी है। उन्होंने युवाओं से खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। ऐरावत मार्शल आर्ट के कोच एवं सीईओ सेंसई अभिषेक कुमार ने नमन को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि नियमित अभ्यास, लगन और अनुशासन का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि नमन भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे। नमन की सफलता से परिवार, स्कूल और सिंघाना क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

You might also like