व्यवसायिक व पर्यावरणीय स्वास्थ्य पर राष्ट्रीय मंथन, एकता का संदेश देगा ईद मिलन समारोह

नवरतन अग्रवाल

जयपुर (नवयत्न)। व्यवसायिक एवं पर्यावरणीय स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर एक राष्ट्रीय स्तर की चर्चा कार्यशाला का आयोजन 6 अप्रैल को दोपहर 2 बजे से राजस्थान समग्र सेवा संघ, दुर्गापुरा में किया जाएगा। इस कार्यशाला में श्रमिकों की सुरक्षा, पर्यावरणीय संकट तथा जनस्वास्थ्य से जुड़े गंभीर मुद्दों पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा।

 

राजस्थान नागरिक मंच के महासचिव बसंत हरियाणा ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यशाला में देश के प्रतिष्ठित स्वास्थ्य कार्यकर्ता अमूल्य निधि मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं सेवानिवृत्त न्यायाधीश ओमप्रकाश शर्मा मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार व्यक्त करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंच के कार्यकारी अध्यक्ष आर.सी. शर्मा करेंगे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में कैलाश मीणा एवं श्रीमती हेमलता कंसोटिया भी मौजूद रहेंगी।

 

कार्यक्रम के उपरांत “हिंदू ईद और मुस्लिम दीपावली मनाएं, आओ ऐसा सुंदर मुल्क बनाएं” की भावना के साथ विभिन्न जन संगठनों द्वारा ईद मिलन समारोह का आयोजन भी किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और एकता को बढ़ावा देना है।

 

यह कार्यशाला राजस्थान नागरिक मंच एवं जनस्वास्थ्य अभियान (JSA) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। आयोजकों ने प्रबुद्ध नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आमजन से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आग्रह किया है।

You might also like