नई पहल: बेटी की घोड़ी पर बिंदोरी निकालकर रूढ़िवादिता को दी चुनौती

महेंद्रर खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न) । तहसील के ग्राम नावलाई में एक प्रेरणादायक और सराहनीय पहल देखने को मिली। विनोद कुमार चोटिया एवं सरोज देवी की पुत्री अलका शर्मा की शादी से पूर्व परंपरागत बिंदोरी कार्यक्रम के अंतर्गत उन्हें घोड़ी पर बिठाकर बिंदोरी निकाली गई। बहन अंकिता के अनुसार, अलका शर्मा चार बहनों में तीसरे स्थान पर हैं तथा उनका विवाह 29 अप्रैल को संपन्न होना है। इस अवसर पर भाई कार्तिक एवं मोहित शर्मा ने बताया कि समाज में प्रचलित रूढ़िवादी परंपराओं को दरकिनार करते हुए यह पहल की गई, जिससे बेटियों के प्रति समानता और सम्मान का संदेश दिया जा सके। कार्यक्रम के दौरान सागरमल, गोविंद नारायण सहित परिवारजन रीना, विनीता, खुशबू, दुर्गा, अंकिता, दिव्या, मिंकू एवं अन्य रिश्तेदारों तथा ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे गांव में खुशी का माहौल रहा और इस अनूठी बिंदोरी की सभी ने सराहना की।यह आयोजन समाज में सकारात्मक परिवर्तन का प्रतीक बनकर उभरा है, जो यह संदेश देता है कि बेटियां भी हर परंपरा में बराबरी की हकदार हैं।

You might also like